डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की 135वीं जन्म जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाई गई।

 

गढाकोटा। सागर जिले के गढ़ाकोटा में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135 वीं जन्म जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नगर में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया,जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु,समाजसेवी एवं आम नागरिक शामिल हुए। इस अवसर पर भाजपा नेता अभिषेक भार्गव एवं नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनोज तिवारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत शोभायात्रा के साथ हुई, जिसमें आकर्षक झांकियां सजाई गई थीं। शोभायात्रा में डीजे और बाजे-गाजे के साथ लोग नाचते-गाते हुए बाबा साहब के जयकारे लगा रहे थे। यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। यात्रा बस स्टैंड से प्रारंभ होकर ताकि चौराहा,अस्पताल चौराहा,बजाजी के मैदान होते हुए लालपुरा सहित नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई आगे बढ़ी।

पूरे मार्ग में जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया और पुष्पवर्षा कर बाबा साहब को नमन किया। यात्रा के दौरान युवाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। झांकियों के माध्यम से बाबा साहब के जीवन,संघर्ष और उनके द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों को दर्शाया गया।

अंत में शोभायात्रा डॉ.अंबेडकर की प्रतिमा स्थल पर पहुंची,जहां श्रद्धालुओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद कार्यक्रम का समापन रविदास धर्मशाला में किया गया, जहां विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ। वक्ताओं ने बाबा साहब के विचारों और उनके योगदान पर प्रकाश डाला तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिक,सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। पूरे आयोजन ने नगर में सामाजिक एकता और उत्साह का संदेश दिया।