ग्वालियर विकास प्राधिकरण में गृह निर्माण सोसाइटियों का फर्जीवाड़ा थमने का नाम नहीं ले रहा है। और यही वजह है कि अब ग्वालियर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नरोत्तम भार्गव फर्जीवाड़ा करने वाली सोसायटियों के खिलाफ सख़्ती से एक्शन में नजर आ रहे हैं। ईवा फाउंडेशन और गणेश गृह निर्माण समिति के विरुद्ध पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है। नरोत्तम भार्गव का कहना है कि इन सोसायटियों ने जीडीए के स्वामित्व वाले भूखंडों को अवैध रूप से बेच दिया। वहीं दूसरी तरफ गणेश गृह निर्माण सोसाइटी ने पोस्ट ऑफिस के लिए आरक्षित भूमि को विक्रय कर दिया। इसकी शिकायत संबंधित फरियादियों द्वारा की गई थी जिसके आधार पर इनके विरुद्ध पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। हालांकि इन सोसायटियों पर पहले भी गंभीर आरोप लग चुके हैं जिसे लेकर सिविल न्यायालय में केस पेंडिंग हैं। वहीं दूसरी ओर नगर पुलिस अधीक्षक नागेंद्र सिंह का कहना है कि ग्वालियर विकास प्राधिकरण के उपयंत्री द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई है जांच और साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।।