महिला कांग्रेस ने पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत के विरोध में सौंपा ज्ञापन

बैतूल: महिला कांग्रेस ग्रामीण बैतूल ने दुष्कर्म और अन्य गंभीर अपराधों में दोषसिद्ध पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को दी गई जमानत के विरोध में राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष निलय विनोद डागा के नेतृत्व में दिया गया।

महिला कांग्रेस ग्रामीण की जिलाध्यक्ष श्रीमती पुष्पा पन्द्राम ने ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया कि उत्तर प्रदेश के उन्नाव जनपद से पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को नाबालिग बालिका से दुष्कर्म, अपहरण और न्याय में हस्तक्षेप जैसे गंभीर अपराधों में दोषी ठहराया गया है। न्यायालय ने उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। इसके बावजूद, उन्हें जमानत दिया जाना देश की जनता, विशेषकर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि ऐसे गंभीर अपराधों में दोषसिद्ध व्यक्ति को जमानत मिलना न्यायिक प्रक्रिया और पीड़िता के अधिकारों को कमजोर करता है। यह समाज में न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास को ठेस पहुंचाता है और महिलाओं की सुरक्षा, कानून के शासन और न्याय की गरिमा से सीधे तौर पर जुड़ा है।

महिला कांग्रेस ने महामहिम राष्ट्रपति से आग्रह किया है कि वे इस संवेदनशील प्रकरण में संवैधानिक और कानूनी प्रावधानों के तहत हस्तक्षेप करते हुए कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत को निरस्त कराएं, ताकि न्याय की गरिमा बनी रहे और पीड़िता को न्याय व्यवस्था पर पूर्ण विश्वास मिल सके।

ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष निलय विनोद डागा, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष पुष्पा पेंड्राम, विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतेश गंगारे, प्रेरणा शर्मा, जमुना पंडाग्रे, गंगा अहाके, सुशीला तिवारी, चंपा वट्टी और सुधा मायावड सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।