आलीराजपुर। जोबट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पुनियावट अंतर्गत ग्राम पुनियावट में दूरसंचार सुविधा नहीं होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखकर ग्राम में मोबाइल टावर स्थापित करने की मांग की है।
विधायक पटेल ने पत्र में बताया कि ग्राम पुनियावट, विकासखंड कट्ठीवाड़ा, जिला आलीराजपुर (मध्यप्रदेश) एक आदिवासी बाहुल्य एवं दुर्गम क्षेत्र है, जहां आज तक दूरसंचार कनेक्टिविटी उपलब्ध नहीं है। ग्रामीणों को मोबाइल नेटवर्क के लिए लगभग 6 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि नेटवर्क के अभाव में पंचायत के ऑनलाइन कार्य, शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन, स्वास्थ्य सेवाएं, आपातकालीन स्थितियों में एम्बुलेंस बुलाने तथा प्रशासनिक संपर्क में गंभीर कठिनाइयां आ रही हैं।साथ ही विकास कार्यों के समन्वय में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।
विधायक सेना महेश पटेल ने कहा कि ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि ग्राम पुनियावट में शीघ्र दूरसंचार टावर स्थापित किया जाए, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को डिजिटल सुविधाओं का लाभ मिल सके।
ग्रामीणों ने विधायक द्वारा उठाए गए इस मुद्दे पर संतोष व्यक्त करते हुए शीघ्र समाधान की उम्मीद जताई है।
Continue With Google
Comments (0)