आमला। अंबेडकर जयंती के अवसर पर ग्राम साईखेड़ा में तालाब किनारे नदी-तालाब शुद्धि एवं जल गंगा संवर्धन अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में सामाजिक संगठनों, ग्राम पंचायत, महिलाओं, बच्चों और पर्यावरण प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जल संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का आयोजन अखिल विश्व गायत्री परिवार आमला-साईखेड़ा-मुलताई एवं आसपास की प्रज्ञापीठों के मार्गदर्शन में, शांतिकुंज हरिद्वार के निर्देश पर किया गया। इसमें श्रीकृष्णलीला फाउंडेशन सहित बड़ी संख्या में श्रमदानियों ने भाग लिया।
*तालाब में गंदा पानी मिलने पर जताई नाराजगी*
कार्यक्रम के दौरान मुलताई के भूतपूर्व विधायक डॉ. पी.आर. बोडखे जब जल देवता का पूजन कर रहे थे, उसी समय उनकी नजर तालाब में मिल रहे नाली के गंदे पानी पर पड़ी। इस पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि यह तालाब प्राचीन और ऐतिहासिक महत्व का है तथा उनके विधायक कार्यकाल में इसका कायाकल्प किया गया था। लेकिन वर्तमान में इसमें नालियों का अपशिष्ट जल मिलना अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने पंचायत को निर्देशित करते हुए कहा कि ड्रेनेज सिस्टम में सुधार कर तत्काल नाली के पानी को तालाब में जाने से रोका जाए।साथ ही तालाब के आसपास हो रहे अतिक्रमण पर भी उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि इस संबंध में वे संबंधित अधिकारियों से शिकायत करेंगे।
*जल संरक्षण और स्वच्छता का दिया संदेश*
गायत्री परिवार के शिशुपाल डडोरे ने कहा कि जल प्रकृति का अनमोल उपहार है और इसके बिना जीवन संभव नहीं है। इसके बावजूद हम जल संरक्षण और प्रदूषण रोकने के प्रति गंभीर नहीं हैं, जो चिंता का विषय है।
वहीं बी.पी. धमोड़े एवं के.के. सूर्यवंशी ने तालाब में प्लास्टिक कचरे की बढ़ती समस्या पर चिंता जताई और ग्रामीणों से अपील की कि प्लास्टिक का उपयोग कम करें तथा इसे जल स्रोतों में न डालें।
*पूजन सामग्री और प्लास्टिक न डालने की अपील*
कार्यक्रम के दौरान तालाब में पूजन सामग्री और प्लास्टिक की पन्नियों को देखकर महिलाओं एवं बच्चों को जागरूक किया गया कि वे पूजा सामग्री तालाब में न डालें। इसके लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
*नया घाट बनेगा, स्वच्छता अभियान जारी*
ग्राम पंचायत साईखेड़ा के सरपंच हेमराज पंडोले ने बताया कि तालाब के सौंदर्यीकरण एवं सुविधाओं के लिए लगभग ₹2.25 लाख की लागत से नया घाट निर्माण किया जाएगा।
साथ ही उन्होंने बताया कि गांव में खुले में शौच मुक्त अभियान के तहत लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
*बड़ी संख्या में जुटे पर्यावरण प्रेमी*
इस अवसर पर वकील राजेंद्र उपाध्याय, दिलीप चौकीकर, पांडुरंग देशमुख, राजेश मालवीय, सदाराम झरबड़े सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प लिया।

Continue With Google
Comments (0)