केसली के आदिवासी क्षेत्रों में पहुंचेगा डिजिटल युग, जल्द मिलेगा मोबाइल नेटवर्क
मध्यप्रदेश के सागर जिले के देवरी विधानसभा अंतर्गत केसली विकासखंड के दूरस्थ आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। क्षेत्रीय विधायक बृज बिहारी पटेरिया के प्रयासों के फलस्वरूप अब इन ग्रामीण इलाकों में भी मोबाइल नेटवर्क का विस्तार होगा।
विधायक पटेरिया ने नई दिल्ली में भारत सरकार के दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर इन गाँवों की समस्याओं को उजागर किया। इस पहल के बाद दूरसंचार विभाग ने इन क्षेत्रों में टावर लगाने और कनेक्टिविटी प्रदान करने की स्वीकृति दी है।
नेटवर्क के लिए 10 किमी का सफर अब होगा समाप्त
केसली विकासखंड के ग्राम बसा, तुलसीपार, खपराखेड़ा, झिरियाखेड़ा, बेरखेड़ी और जोलनपुर जैसे गाँव आज तक मोबाइल नेटवर्क और टेलीफोन संपर्क से वंचित थे। यहाँ के निवासियों को एक फोन कॉल के लिए भी पहाड़ियों और कच्चे रास्तों से होते हुए 5 से 10 किलोमीटर दूर 'टड़ा' जाना पड़ता था। आपातकाल में नेटवर्क न होना एक बड़ी समस्या थी।
ऑप्टिकल फाइबर और टावरों से होगा सशक्तिकरण
विधायक पटेरिया के विशेष आग्रह पर दूरसंचार विभाग ने इन ग्रामों को ऑप्टिकल फाइबर कनेक्टिविटी से जोड़ने और मोबाइल टावर लगाने की योजना को मंजूरी दी है। इस योजना के क्रियान्वयन से इन दुर्गम क्षेत्रों में भी हाई-स्पीड इंटरनेट और कॉलिंग की सुविधा उपलब्ध होगी।
ग्रामीणों ने जताया आभार
जैसे ही नेटवर्क विस्तार की खबर गाँवों में पहुँची, ग्रामीणों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। आदिवासी समाज के लोगों और ग्रामीणों ने विधायक बृज बिहारी पटेरिया का आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि अब उन्हें नेटवर्क की तलाश में दूर नहीं जाना पड़ेगा और बच्चों की पढ़ाई से लेकर व्यापारिक कार्यों में भी आसानी होगी।
Continue With Google
Comments (0)