आमला। ग्राम ससुन्द्रा में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन युवा कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष विजय पारधी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम के दौरान गांव में स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने “जय भीम” के नारों के साथ बाबा साहेब के विचारों को स्मरण किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ ग्राम के गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सैक्टर प्रभारी मंचितराव माथनकर, नारायण मालवीय, गुलाबराव धोटे, दिवाकर खातरकर, नितिन सातनकर, नीलेश गड़ेकर, राजू माथनकर, देवेंद्र माथनकर, गणेश धनोदे, बाबूराव माथनकर, बुधराव ठाकरे, भीमराव माथनकर, सतीश धाकड़, विपुल पवार, संजय सोनारे, सुनील लांगड़े, जीवन उइके एवं अमित पवार सहित अनेक लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस दौरान वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के जीवन, संघर्ष और उनके द्वारा किए गए सामाजिक एवं संवैधानिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के विचार आज भी समाज को सही दिशा देने वाले हैं और विशेष रूप से युवाओं को उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में समानता, शिक्षा और न्याय की स्थापना के लिए कार्य करना चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब के सिद्धांतों पर चलने तथा समाज में समानता और भाईचारे को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।