उज्जैन रोड ब्रिज से नागूखेड़ी बायपास तक सड़क चौड़ीकरण में देरी पर कांग्रेस का विरोध
देवास। उज्जैन रोड ब्रिज से नागूखेड़ी बायपास तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य में हो रही देरी और कथित लापरवाही के विरोध में कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रयास गौतम एवं जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष मनीष चौधरी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता लोक निर्माण विभाग (PWD) कार्यालय पहुंचे और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताई।
प्रदर्शन के दौरान विभाग के कार्यपालन यंत्री (EE) कार्यालय में मौजूद नहीं मिले, जिससे कार्यकर्ताओं में आक्रोश और बढ़ गया। अधिकारियों की अनुपस्थिति के चलते कांग्रेस नेताओं को कार्यालय के बाहर ही ज्ञापन चस्पा करना पड़ा। बाद में एसडीओ मौके पर पहुंचे और कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल से ज्ञापन प्राप्त किया।
इस दौरान जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष मनीष चौधरी ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सड़क चौड़ीकरण कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अधूरे निर्माण कार्य और खराब सड़क व्यवस्था के कारण आम नागरिकों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस ने मांग की कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए तथा जनता को हो रही समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कार्य में तेजी नहीं लाई गई तो पार्टी द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा।

Continue With Google
Comments (0)