आलीराजपुर: बरझर के सामलाकुण्ड स्थित काचला फलिया में सड़क न होने के कारण ग्रामीणों को एक बीमार बुजुर्ग महिला को झोली में डालकर अस्पताल ले जाने की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रूपली (62) पति वेसता मावी की तबीयत खराब होने पर परिजनों ने उन्हें इसी तरह मुख्य सड़क तक पहुंचाया। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ग्रामीण किस तरह बीमार महिला को कपड़े की झोली में डालकर पैदल, कठिन पहाड़ी रास्तों से गुजरते हुए ले जा रहे हैं। बस्ती तक कोई सड़क न होने के कारण परिजनों को हर बार बीमार व्यक्ति को इसी तरह मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है, जहां से वाहन द्वारा उन्हें अस्पताल ले जाया जाता है।
गुजरात सीमा से सटा इलाका, बरसात में मुश्किलें बढ़ीं
- काचला फलिया की यह बस्ती बरझर से गांगेड़ी, गुजरात को जोड़ने वाले पक्के सड़क मार्ग से लगभग एक किलोमीटर अंदर स्थित है।
- यहां तक वाहनों के आने-जाने के लिए कोई सड़क नहीं है, जिससे ग्रामीणों को पैदल ही चलना पड़ता है।
- सामलाकुण्ड के काचला फलिया में लगभग 12 से 15 मकानों की बस्ती है, जो गुजरात सीमा से सटी हुई है।
ग्रामीणों को अपने व्यापार और अन्य कार्यों के लिए बरझर गांव आना पड़ता है। बरसात के मौसम में अस्पताल या अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आने-जाने में उन्हें भारी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
प्रशासन से सड़क निर्माण की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि कम से कम एक कच्ची सड़क बनाई जाए, ताकि वाहन उनके घरों तक पहुंच सकें और आपात स्थितियों में उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े।
यह घटना प्रशासन और नीति निर्माताओं के लिए एक चेतावनी है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचागत सुविधाओं की कमी को तुरंत दूर किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
Continue With Google
Comments (0)