बैतूल/आमला: ग्राम पंचायत कनौजिया अंतर्गत ग्राम खानापुर में पिछले 25-30 दिनों से भीषण जल संकट बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, नल-जल योजना के अंतर्गत पीएचई विभाग द्वारा पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद है, जिससे गांव के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव के हैंडपंपों से भी खारा पानी निकल रहा है, जो पीने योग्य नहीं है। मजबूरी में ग्रामीणों को दूर-दराज से पानी लाने को विवश होना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने शुक्रवार को एसडीएम आमला को ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि शनिवार तक पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो उन्हें मजबूरन सड़क पर उतरकर चक्का जाम व विरोध प्रदर्शन करना पड़ेगा। ग्रामवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द हस्तक्षेप कर गांव में नियमित जल आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है।

इनका कहना है

शिवपाल गंगारे, सरपंच कनौजिया: पंचायत का कुछ लेना नहीं है, ठेकेदार के माध्यम से काम हुआ था और ठेका पीएचई द्वारा दिया गया है।

शत्रुहान चौहान, तहसीलदार आमला: आज आवेदन आया था, जिसे पीएचई को भेज दिया गया है।

ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी गंभीर समस्या को समझते हुए शीघ्र उचित कदम उठाएगा, ताकि उनके जीवन में जल संकट की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।