पीथमपुर के नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 19, बरदरी में लंबे समय से प्रतीक्षित डब्ल्यूबीएम सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत सोमवार को विधिविधान के साथ की गई। इस परियोजना की लागत करीब 12 लाख 18 हजार रुपये है। भूमि पूजन कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
यह कार्यक्रम नगर पालिका अध्यक्ष सेवंती पटेल के निर्देश पर आयोजित किया गया। कार्यवाहक शहर कांग्रेस अध्यक्ष परमेश्वर रघुवंशी एवं रघुवंशी समाज के जिला अध्यक्ष उमराव सिंह रघुवंशी ने पंडित उमेश बेरागी के मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर सड़क निर्माण का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर कार्यवाहक अध्यक्ष परमेश्वर रघुवंशी ने कहा कि बरदरी क्षेत्र में सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब थी, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सड़क निर्माण तय समय-सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाना चाहिए।
स्थानीय नागरिकों ने भी सड़क निर्माण शुरू होने पर खुशी जताई और कहा कि इस सड़क के बनने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, साथ ही बरसात के मौसम में कीचड़ और गड्ढों से राहत मिलेगी। यह सड़क स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित होगी।
भूमि पूजन कार्यक्रम में पार्षद रामेश्वर निनावा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता नंदराम नेताजी, दूल्हे सिंह रघुवंशी, रामेश्वर रघुवंशी, प्रताप रघुवंशी, सत्यनारायण, सुरेश पटेल, राहुल रघुवंशी, रामप्रसाद, बाबूजी नर्सिंग सहित वार्ड के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Continue With Google
Comments (0)